Responsive Ad Slot

Latest

latest

Monday, March 2, 2020

/ by Reporter
Ranchi:  बरियातू थाना क्षेत्र के मोरहाबादी मैदान स्थित होटल पार्क प्राइम के पास टंडवा के रहने कोयला कारोबारी प्रेम सागर मुंडा को अज्ञात अपराधियों ने गोली मार दी.

 आनन-फानन में प्रेम सागर मुंडा को रिम्स ले जाया गया जहां उनकी मौत हो गयी. घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पुलिस पहुंच कर मामले की छानबीन में जुटी हुई है.

मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सोमवार की शाम के करीब 7:00 बजे के आसपास प्रेम सागर मुंडा अपने फॉर्च्यूनर गाड़ी से मोराबादी स्थित पार्क प्राइम होटल के पास रुके हुए थे.

इसी दौरान दो बाइक पर सवार होकर आये अपराधियों ने प्रेम सागर मुंडा को गोली मार दी. प्रेम सागर मुंडा की हत्या किस वजह से की गयी है अब तक इसके पीछे की स्थिति स्पष्ट नहीं हो पायी है.

पुलिस सभी मुख्य बिंदुओं को ध्यान में रख कर मामले की छानबीन में जुटी हुई है.

बताया जाता है कि कोयला कारोबारी प्रेम सागर मुंडा केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा का करीबी था. इस बात की चर्चा है कि प्रेम सागर मुंडा का टीपीसी से विवाद चल रहा था.

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मोरहाबादी स्थित पार्क प्राइम होटल के पास चाय दुकान के सामने पहले से अपराधी घात लगा कर बैठे हुए थे. जैसे ही प्रेम सागर मुंडा अपनी फॉर्च्यूनर गाड़ी को पार करके दुकान के सामने आये उसी दौरान अपराधियों ने प्रेम सागर मुंडा को गोली मार दी.

प्रेमसागर मुंडा के साथ दो लोग और आये थे, घटना के बाद से वे दोनों फरार बताये जा रहे हैं.

हत्या की वजह स्पष्ट नहीं
प्रेम सागर मुंडा की हत्या किस वजह से की गयी है, अब तक इसके पीछे की स्थिति स्पष्ट नहीं हो पायी है. प्रेम सागर मुंडा की हत्या कोयला कारोबार के चलते किये जाने की आशंका जतायी जा रही है.

अपराधियों ने घटना को अंजाम दिया या किसी उग्रवादी संगठन के द्वारा घटना को अंजाम दिया गया, इसकी अभी सही जानकारी सामने नहीं आ पायी है. पुलिस की जांच के बाद ही घटना के पीछे की सही वजह का पता चल पायेगा.

मिली जानकारी के अनुसार प्रेम सागर मुंडा चतरा की विभिन्न कोल परियोजनाओं में सीसीएल के कर्मी और कोल परियोजना के सेल्स इंचार्ज विस्थापन समिति और कोल फील्ड लोडर एसोसिएशन के नाम पर उग्रवादी संगठन टीपीसी के लिए लेवी की वसूली करने का भी काम करता था.

जानकारी के अनुसार प्रेम सागर मुंडा के खिलाफ एनआइए भी जांच में जुटी थी. टेरर फंडिंग के मामले में पिपरवार (कांड संख्या 36-19) में प्रेम सागर मुंडा समेत 77 आरोपियों के विरुद्व प्राथमिकी दर्ज की गयी थी. एनआइए सभी आरोपित की चल-अचल संपत्ति को खंगालने में जुटी है. बताया जा रहा है कि प्रेम सागर मुंडा ने रांची स्थित मोरहाबादी, कांके सहित कई इलाके में संपत्ति अर्जित की है. टीपीसी से जुड़े प्रेम सागर मुंडा के खिलाफ एनआइए के साथ-साथ पुलिस भी जांच में जुटी थी. वहीं मृतक के खिलाफ टंडवा थाना में (कांड संख्या 222-18) भी मामला दर्ज है.

No comments

Post a Comment

Don't Miss