गिरिडीह : जिले के गावां प्रखंड के अमतरो में संचालित एक अवैध क्लीनिक में शनिवार को एक कुंवारी नबालिग का गर्भपात करवाने के दौरान मौत हो जाने का मामला सामने आया है. बताया जाता है कि गावां थाना क्षेत्र की ही एक दलित बस्ती की 16 वर्षीय कुंवारी नाबालिग छह माह की गर्भवती थी. मृतका की मां ने बताया कि उसकी बेटी का रिश्ता तय हो गया था, जिसके बाद मंगेतर का घर आना जाना शुरू हो गया. इसी बीच उसके गर्भवती होने की जानकारी जब परिजनों को मिली तो वे लोग अमतरो में एक झोलाछाप डॉक्टर रवीन्द्र कुमार यादव की क्लिनिक पहुंची. जहां झोलाछाप चिकित्सक ने अपने यहां उक्त नाबालिग का सही सलामत गर्भपात करवाने का आश्वासन दिया.
चिकित्सक के कहने पर शनिवार को अपनी मृतका के परिजन उसे लेकर अमतरो में झोलाछाप डॉक्टर के यहां पहुंचे. जहां चिकित्सक द्वारा उसके गर्भपात के लिए दवा दी गई. साथ ही पेट पर दबाव डालकर गर्भपात करवाने की कोशिश की. इसी दौरान युवती का रक्तस्राव शुरू हो गया. जिससे उसकी हालत बिगड़ने लगी.
जब मृतका की मां ने उसकी बिगड़ती हालत पर चिकित्सक से बात की तो उसने बताया कि बच्चेदानी फट गया है. ऑपरेशन करना पड़ेगा, इसके लिए बीस हजार रुपए की मांग की. इसके बाद युवती की मां पैसे देने को भी तैयार हुई. इसी बीच चिकित्सक ने उसकी मां से एक सफेद कागज पर हस्ताक्षर करवा कर उसे आनन-फानन में क्लीनिक से बाहर कर दिया और इलाज के लिए नवादा (बिहार) के रोह के डॉक्टर के पास भेज दिया. जहां ले जाने के दौरान उसकी मौत हो गई. नाबालिग की मौत के बाद से अमतरो में क्लीनिक का संचालन कर रहे रवीन्द्र कुमार अपना क्लीनिक छोड़ कर फरार हो गया.
इधर सिविल सर्जन अवधेश कुमार सिन्हा ने कहा है कि गर्भपात करवाना कानूनन जुर्म है. अगर ऐसा किसी झोलाछाप चिकित्सक ने किया है तो परिजन लिखित शिकायत करें. जांच के बाद दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी.
No comments
Post a Comment